लखनऊ में रेलवे ठेकेदार की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या,पत्नी-बच्चे बनाये बंधक

लखनऊ/Sanchit Gupta: 


राजधानी लखनऊ में सनसनीखेज वारदात हुई है। कैंट के निलमथा में रेलवे ठेकेदार की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई। घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया गया। युवक की हत्या से पहले उसकी पत्नी और बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया गया।बताया गया है कि मारा गया युवक वीरेंद्र ठाकुर (42) दिव्यांग भी था। शनिवार की दोपहर वह घर में पत्नी खुशबू, बेटे अंश (2) और ऋषि कुमार (8) के साथ था। बड़ा बेटा अभिषेक स्कूल गया हुआ था।  इसी दौरान दोपहर करीब तीन बजे बदमाश उसके घर में घुस आए।

बदमाशों ने खुशबू और बच्चों को पहले एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर ठेकेदार की हत्या कर दी। वारदात के बाद बदमाश घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की हार्डडिस्क भी निकाल ले गए।

गोली की आवाज सुनने के बाद पत्नी और बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर आसपास के लोग पहुंचे। देखा तो युवक खून से लथपथ पड़ा था। तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। कुछ देर में ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंची पुलिस वीरेंद्र ठाकुर को गंभीर अवस्था में डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल लेकर पहुंची। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मारे गए ठेकेदार पर पहले भी हमला हो चुका था। इसी वजह से उसने तीन बॉडी गार्ड भी रखे थे। तीनों फिलहाल फरार हैं।

मूलरूप से पश्चिमी चंपारण बिहार निवासी वीरेंद्र पिछले 13 सालों से नीलमथा में दूसरी पत्नी खुशबून तारा और तीन बेटे अंश, ऋषि कुमार और अभिषेक के साथ रह रहे थे। 2019 में भी ठेकेदार वीरेंद्र के ऊपर रेलवे स्टेशन पर हमला हुआ था। उस दौरान उनके पैर में गोली लगने से वह चलने फिरने में सक्षम नहीं थे। तभी से वह बेड थे और मोबाइल से ही लोगों से बात करके ठेकेदारी का काम करते थे।

कैंट इंस्पेक्टर शिवचरण लाल ने बताया कि रेलवे ठेकेदार वीरेंद्र का इतिहास पता लगाया जा रहा है। बिहार सहित कई अन्य जिलों के थानों में वीरेंद्र के खिलाफ मुकदमें दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस इसकी जांच में जुटी है इसके आधार पर हत्यारों का पता लगाया जाएगा।