अंतर्राष्ट्रीय ऊंट महोत्सव 7 जनवरी से बीकानेर में, प्रशासन ने तैयारियों का दिया अंतिम रूप

बीकानेर:

अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव इस बार तीन दिनों तक चलेगा। पहले दिन पुराने शहर से लेकर सूरसागर तक हैरिटेज वाॅक निकलेगी। दूसरे दिन के कार्यक्रम डाॅ. करणी सिंह स्टेडियम में होंगे। वहीं एक दिन की सभी गतिविधियां रायसर के धोरों में आयोजित होंगी। इस दौरान बर्ड फेस्टिवल तथा अमृता हाट का आयोजन होगा। प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। शहर के सार्वजनिक स्थलों पर विशेष साज-सज्जा की जाएगी।


जिला कलक्टर नमित मेहता ने  ऊंट उत्सव की तैयारी बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बीकानेर की कला, संस्कृति, खानपान और पर्यटन विकास की संभावनाओं के मद्देनजर महोत्सव को वृहद् स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में देशी और विदेशी मेहमान भागीदारी निभाएं, इसके प्रयास होंगे। उन्होंने कहा कि यह उत्सव 7 से 9 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा।


मेहता ने कहा कि महोत्सव के पहले दिन हैरिटेज वाॅक होगी। यह पुराने शहर से होकर सूरसागर पहुंचेगी। जहां सांस्कृतिक संध्या के साथ पहले दिन के कार्यक्रमों का समापन होगा। वहीं दूसरे दिन के कार्यक्रम डाॅ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होंगे। बीकानेर में ग्रामीण पर्यटन की संभावनों को देखते हुए इस बार एक दिन के सभी कार्यक्रम रायसर के धोरों में आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान ऊंट नृत्य एवं अन्य प्रतियोगिताएं होंगी। इन कार्यक्रमों को शीघ्र ही अंतिम रुप दे दिया जाएगा।