महिला अंतर संवाद कार्यक्रम आयोजित, सरपंच ने महिलाओं को किया संबोधित

धोरीमना:- ग्राम पंचायत कोशले की ढाणी में कर्मा बाई जाट महिला संस्था के अध्यक्षा अलका चौधरी की निर्देशानुसार संघ प्रदेश उपाध्यक्ष लीला चौधरी के नेतृत्व में महिला अंतर संवाद कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत कोशले की ढाणी के मुख्यालय पर हुआ। इस संवाद कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण के प्रयास , सामुदायिक क्षेत्र में महिला की भागीदारी तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों को मिटाने तथा बालिका शिक्षा आदि सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की। कार्यक्रम में लीला चौधरी ने कहा कि समय के साथ महिलाओं के प्रति लोगों की सोच में बदलाव आया है। महिलाएं पहले की तुलना में सशक्त हुई हैं मगर पूरी तरह नहीं। अब भी महिलाएं खुद सभी फैसले नहीं ले पा रहीं , उनके अधिकतर फैसले पति, भाई या पिता ही करते हैं। महिलाओं को अनेक अधिकार हमारे संविधान में दिए गए हैं। लेकिन उनका सही प्रयोग नहीं हो रहा है।कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, वार्डपंच व पानी समिति के महिला सदस्यों ने भाग लिया।