भाजपा ने गहलोत सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन

सीकर:
भाजपा ने जिला स्तर पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ शुक्रवार को जमकर हल्ला बोलते हुए सरकार की कार्यशैली के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। पार्टी पदाधिकारियों से लेकर हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष इंद्रा चौधरी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं की इससे पहले रामलीला मैदान में आक्रोश सभा की गई। सभा में वक्ताओं ने राज्य की कांग्रेस सरकार की नीतियों की आलोचना की। सभी ने सरकार को वादों से मुकरने वाली, किसानों व बेरोजगारों के साथ वादा खिलाफी व मुख्यमंत्री पर केवल सरकार बचाने के आरोप लगाए।
सभा के बाद हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने रामलीला मैदान से कलेक्ट्रेट की तरफ कूच करते हुए आक्रोश रैली निकाली। पूरे रास्ते में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। जिला कलेक्टर को राज्यपाल के नाम सरकार की कार्यशैली के विरोध में ज्ञापन दिया।
इससे पहले आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता व विधायक रामलाल शर्मा ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार की स्थिति दयनीय है। सरकार के विधायक ही सरकार की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह लगा रहे हैं और मुख्यमंत्री गहलोत सिर्फ अपनी सरकार बचाने में लगे हुए हैं। कांग्रेस सरकार को सिर्फ अपने 101 विधायकों की चिंता है, जनता की उसे कोई चिंता नहीं है। कहा कि सरकार को समर्थन दे रहे विधायकों के ही काम हो रहे हैं जिसमें समर्थित विधायकों के गैर काम भी शामिल हैं। कहा की कांग्रेस सरकार ने भाजपा सरकार के समय की सभी योजनाओं को बंद करके जनता को परेशानी में डाल दिया है। केंद्र सरकार ही जनता के दुख में आड़े आ रही है। कहा कि कांग्रेस का एक ही काम है झूठ बोलो और जोर से बोलो। ऐसे में यह सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है और इसके खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता को माहौल तैयार करना होगा।
जिलाध्यक्ष इंद्रा चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के राज में दलितों के लिए योजनाएं लाने वाले इस राज्य में दलितों पर ही अत्याचार बढ़े हैं। केंद्र से मिले ९२ लाख टीके तक नहीं लगा पा रहे हैं। प्रशासनिक कुशलता बेहद खराब है। उन्होंने पार्टी के दिग्गज नेता स्व. भैरोंसिंह शेखावत और स्व. जगदीश प्रसाद माथुर को प्रणाम करते हुए कहा की उनके कार्यकाल और पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में जिले व राज्य में विकास के कई काम हुए थे। अब जनता के काम अब अटके पड़े हैं। सरकार के विधायक तक सरकार से काम करवाने के लिए गिड़गिड़ाते रहते हैं। कहा कि जिले से सरकार में मंत्री पहले बहुत गुस्सा करते थे और एक मंत्री केवल जनता का मनोरंजन करते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं से ही कुछ कमी रह गई थी कि हम हमारी सरकार को वापस नहीं ला पाए। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेई जी ने जनता के लिए अच्छे काम किये फिर भी हम भाजपा की सरकार हम नहीं वापस ला पाए। कहा कि कार्यकर्ता मेहनत कर कर आगामी विधानसभा चुनाव में 180 सीट पर विजय दिलाएंगे। पूर्व विधायक प्रेम सिंह बाजोर ने कहा कि कांग्रेस ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया है। कांग्रेस अपने व्यक्तियों को ही नहीं बखस्ती है तो जनता को कैसे बख्सेगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं का यह दायित्व है कि वह कांग्रेस सरकार को सबक सिखाये। किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हरिराम रणवां ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों को कर्ज माफी के नाम पर व बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता के नाम पर ठगा है। कहा कि झूठे वादों से सत्ता में आई इस सरकार को अब हमें भगाना है। तीन वर्ष के कांग्रेस सरकार के कुशासन का विरोध करते हुए प्रशासन को जगाना है और बाजार में बैठे व्यक्तियों को भी आगाह करना है। पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी ने कहा कि सरकार अपने वादों से मुकरी है बिजली की दरें बढ़ाई जा रही है, दलित महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं और गहलोत सिर्फ अपनी सरकार बचाने में लगे हुए हैं। हरीश कुमावत ने कहा कि झूठे वादों से यह सरकार बनी है इसे हमें उखाडऩा होगा।
पूर्व विधायक झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि राज्य में अराजकता का माहौल है, इससे सभी वर्ग पीडि़त हैं। समय रहते इसका विरोध नहीं किया तो इसके परिणाम भयंकर हो सकते हैं। तीन साल के इस कुशासन का विरोध खुलकर करेंगे तभी हमें राहत मिलेगी। कहा कि सरकार में पकड़े गए भ्रष्टाचारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति भी नहीं मिल रही है। सभी भ्रष्टाचारियों की फाइल मुख्यमंत्री के पास पड़ी है। पूर्व मंत्री बंशीधर बाजिया ने कहा कि जनता से अधिक आक्रोश तो कांग्रेस में ही है। कर्जा माफी नहीं करके किसानों के साथ अन्याय किया है। किसानों को मिलने वाला ऋण भी बंद कर दिया है। पूर्व विधायक गोरधन वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने बिजली की दरें बढ़ाकर किसानों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है।
दांतारामगढ़ से हरिश कुमावत ने सरकार को झूठे वादों की सरकार बताया। उप जिला प्रमुख ताराचंद धायल ने कहा कि पंचायतों के राज्य सरकार पैसा नहीं दे रही है, जिससे पंचायतों के विकास कार्य रूके हुए है। केंद्र से मिलने वाले पैसे भी राज्य सरकार नहीं दे रही है।