मुलायम सिंह यादव की अचानक बिगड़ी तबीयत, गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में कराए गए भर्ती

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री रहे मुलायम सिंह यादव की गुरुवार को अचानक तबीयत खराब हो गई है। उन्हें कल रात दिल्ली से सटे गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मुलायम सिंह यादव को यूरिन इन्फेक्शन की शिकायत है। जिसके चलते वह मेदांता अस्पताल में रुटीन चेकअप के लिए गए थे। जहां पर डॉक्टरों की एक टीम ने चेकअप करने के बाद उन्हें भर्ती होने की सलाह दी।
दस दिन पहले अस्पताल से आए थे घर
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने पिता मुलायम सिंह से मुलाकात करने मेदांता जाएंगे। करीब 10 दिन पहले दिल्ली स्थित आवास पर अखिलेश यादव ने अपने पिता से मुलाकात की थी। बताते चलें कि मुलायम सिंह यादव को इसी माह की 15 तारीख की शाम को गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां जांच के बाद उन्हें 1-2 दिन में अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।
लगभग दो साल से चल रहे बीमार
मुलायम सिंह यादव की तबीयत तकरीबन दो साल से खराब चल रही है। जिसके चलते कई बार उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साल 2020 में यूरिन इन्फेक्शन होने के साथ ही पेट में दर्द होने के बाद अस्पताल में एडमिट कराया गया था। जिसके बाद जब जांच कराई गई तो उनकी आंतों में सूजन की शिकायत का पता चला। वही यूरिन इंफेक्शन का असर उनके गुर्दों तक जा पहुंचा था। इसके अलावा साल 2020 में मुलायम सिंह यादव कोविड पॉजिटिव भी हुए थे। लेकिन उन्होंने कोविड वैक्सीन डोज पहले ही लगवा ली थी।